गुड न्यूज़ : कोयला खनन के दौरान मौत पर आज से 25 लाख अनुग्रह राशि

धनबाद : केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने कोल इंडिया के कर्मचारियों के लिए नई वर्दी, कॉरपोरेट वेतन पैकेज (सीएसपी) और बढ़ी हुई अनुग्रह राशि का शुभारंभ मंगलवार को किया।
कोल इंडिया की वी केयर पहल के तहत खदान दुर्घटना में मृत्यु पर अनुग्रह राशि ₹15 लाख से बढ़ाकर ₹25 लाख कर दी गई है। सीएसपी के तहत नियमित कर्मचारियों के लिए ₹एक करोड़ और ठेका कर्मचारियों के लिए ₹40 लाख का बीमा कवरेज प्रदान किया जाता है, जिसमें 2.15 लाख से अधिक नियमित कर्मचारी और 44,000 ठेका कर्मचारी पहले ही नामांकित हैं। नई वर्दी कोल इंडिया के कर्मचारियों के बीच एक साझा पहचान, व्यावसायिकता और सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए है।
मंत्री ने कहा है कि कोल इंडिया ने अपनी वी केयर पहल के तहत खदान दुर्घटना में होने वाली दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु की स्थिति में देय अनुग्रह राशि को ₹15 लाख से बढ़ाकर ₹25 लाख कर दिया है। यह बढ़ा हुआ मुआवज़ा नियमित कर्मचारियों और ठेका कर्मचारियों दोनों पर समान रूप से लागू होगा और मृतकों के परिवारों को सीधे भुगतान किया जाएगा, जिससे समय पर और पारदर्शी सहायता सुनिश्चित होगी। हालांकि शून्य दुघर्टना अभी भी कोल इंडिया का मिशन है। यह बढ़ी हुई अनुग्रह राशि कोल इंडिया के उस संकल्प को दर्शाती है कि नुकसान होने पर तुरंत और सहानुभूतिपूर्वक कार्रवाई की जाए और प्रभावित परिवारों के साथ दृढ़ता से खड़ा रहा जाए।