


लोक आस्था का महापर्व छठ शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न,रांची डीसी ने जिलेवासियों के लिए मंगलकामना की
रांची। लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन आज उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में हुआ। रांची जिले के सभी छठ घाटों पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। पर्व की शांतिपूर्ण और सुरक्षित सम्पन्नता के लिए जिला प्रशासन रांची की ओर से व्यापक तैयारियाँ की गई थीं।
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने किया अर्घ्य अर्पित
रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने सहपरिवार हटनिया तालाब छठ घाट पर संध्याकालीन एवं प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित कर जिले की सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी संस्कृति, अनुशासन और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक है।
छठ पर प्रशासन की विशेष व्यवस्था
पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और चिकित्सा सुविधा की सुदृढ़ व्यवस्था की थी।
– सभी छठ घाटों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती
– NDRF एवं SDRF टीमों की मुस्तैदी
– संवेदनशील घाटों पर CCTV एवं ड्रोन कैमरे
– कंट्रोल रूम एवं रेस्क्यू टीम सक्रिय
– मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था
– घाटों पर पर्याप्त प्रकाश एवं पेयजल
– ट्रैफिक के लिए वन-वे सिस्टम व अस्थायी पार्किंग
– नगर निगम द्वारा सफाई अभियान, डस्टबिन और शौचालय
केंद्रीय शांति समिति के सहयोग की प्रशंसा
जिला प्रशासन ने छठ पूजा के सफल आयोजन में केंद्रीय शांति समिति के सहयोग की सराहना की। समिति के सदस्यों ने प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए घाटों पर शांति, सौहार्द और व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
किसी अप्रिय घटना की नहीं मिली जानकारी
पूरे जिले में छठ पर्व सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक तैयारियों की सराहना की। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
जिला प्रशासन ने जताया आभार
जिला प्रशासन ने छठ पूजा समितियों, मीडिया, स्वयंसेवी संगठनों, सुरक्षा बल, स्वास्थ्य कर्मियों और सफाई कर्मियों सहित सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार प्रकट किया। प्रशासन ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से यह महापर्व सुरक्षित, सफल तथा अनुशासित रूप से सम्पन्न हुआ।