रांची में 24 से 26 अक्टूबर तक होगा 4th SAAF Senior Athletics Championships
दक्षिण एशिया के सात देशों के एथलीट लेंगे हिस्सा, जिला प्रशासन ने की तैयारियों की समीक्षा
रांची। राजधानी रांची आगामी 24 से 26 अक्टूबर तक अंतरराष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रही है। 4th SAAF Senior Athletics Championships 2025 का आयोजन बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, रांची में होगा। इस प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव, भूटान और अफगानिस्तान के शीर्ष एथलीट हिस्सा लेंगे।
अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और खेल विभाग की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में स्टेडियम परिसर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में निदेशक, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग झारखंड शेखर जमुआर, वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, सिविल सर्जन, जिला नजारत उपसमाहर्त्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य एवं परिवहन विभाग के अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
आयोजन के मद्देनजर सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, आवास, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और मीडिया प्रबंधन की विस्तृत योजना तैयार की गई है। स्टेडियम परिसर में 24×7 मेडिकल यूनिट, एम्बुलेंस सेवा, डिजिटल स्कोर बोर्ड, हाई-स्पीड इंटरनेट तथा मीडिया सेंटर की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों ने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है।
यह आयोजन झारखंड सहित देश के लिए प्रतिष्ठा का विषय माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से सहयोग और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है, ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
