
राजगंज में कचरे का अंबार, दुर्गंध से जीना हुआ मुश्किल
राजगंज : राजगंज बाजार क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की अनदेखी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजगंज बाजार का सारा कचरा मुख्य बाजार से करीब दो सौ मीटर दूर बड़ा पुल के पास खुले में फेंका जा रहा है। लगातार जमा हो रहे इस कचरे से बदबू फैल रही है, जिससे आसपास के लोगों का जीना दुश्वार हो गया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि आए दिन लोग यहां कचरा फेंक जाते हैं। समय पर सफाई नहीं होने के कारण वातावरण दूषित हो रहा है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया व अन्य संक्रामक रोगों का खतरा मंडरा रहा है। वहीं पर्यावरण विश्लेषकों कि माने तो खुले में कचरा डालने से न सिर्फ हवा बल्कि जल स्रोत भी प्रदूषित हो सकते हैं।