
रक्षाबंधन पर बहनों को मिला सरकारी उपहार: धनबाद में 3.5 लाख महिलाओं को ₹2500 की सम्मान राशि!
धनबाद : रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर झारखंड सरकार ने बहनों को एक खास तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री मईयां योजना के अंतर्गत धनबाद जिले की 3,53,199 महिलाओं को जुलाई माह की ₹2500 सम्मान राशि उनके आधार-लिंक्ड बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की गई है। इस पहल के तहत कुल ₹88.29 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और सम्मानजनक जीवन देने के लिए शुरू की गई है। जिन लाभुकों के खाते आधार से लिंक नहीं हैं, उन्हें जल्द आधार सीडिंग कराने की अपील की गई है।
साथ ही उन्होंने बताया भौतिक सत्यापन का कार्य भी तेज़ी से जारी है। जो महिलाएं अब तक सत्यापन से वंचित हैं, वे आंगनबाड़ी सेविका से सत्यापन प्रपत्र प्राप्त कर योजना का लाभ उठा सकती हैं।