
दूसरी लड़की से थे संबंध, धनबाद में पत्नी से झगड़ा और पति ने फांसी लगाकर दे दी जान।
धनबाद- धनबाद में जगजीवन नगर सेंट्रल अस्पताल के पीछे किराए के मकान में रहनेवाले 27 वर्षीय अनुपम मिश्रा ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। घटना रविवार की शाम पांच बजे की है। पुलिस को जानकारी मिली है कि विवाहेत्तर संबंध के कारण पत्नी से विवाद चल रहा था।
इसी बात को लेकर अनुपम ने शाम करीब पांच बजे अपने किराए के मकान में चादर से फांसी लगा कर जान दे दी।
घटना की जानकारी पर सरायढेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उठा कर मेडिकल अस्पताल लाया गया। अनुपम मिश्रा सरायढेला में एक होटल में रिसेप्शनिस्ट था। तीन साल पर पहले मनईटांड़ की अनुष्का उर्फ अनु से उसने प्रेम विवाह किया था। दोनों किराए के मकान में रह रहे थे। एसएनएमएमसीएच में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पत्नी अनु ने बताया कि पति जहां काम करते थे, वहां बाहर से लड़कियां आती थीं। कोलकाता की एक लड़की, जो मेमको मोड़ के पास किराए के मकान में रहती थी, उससे पति का प्रेम प्रसंग चल रहा था।
तीन-चार दिन पहले अनुपम ने अनु को बताया था कि वह देवघर जा रहा है। हालांकि वह उस लड़की के साथ धनबाद में ही रह रहा था। अनु ने मोबाइल पर लड़की की फोटो दिखाते हुए आरोप लगाया कि पति उस लड़की से शादी करने जा रहा था। उसे जब पता चला तो वह उस लड़की के किराए के मकान में पहुंची और दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद अनुपम अपनी पत्नी अनु के साथ अपने किराए के मकान में लौट आया। दोनों के बीच झगड़ा हुआ।
पत्नी घर से निकली तो पति ने फांसी लगा ली। पुलिस आत्महत्या मामले में हीरापुर में पार्लर चलाने वाली एक लड़की की भूमिका को भी संदिग्ध मान रही है। पुलिस पत्नी और अनुपम के घरवालों के फर्द बयान का इंतजार कर रही है।